नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम अरनिया मानगिर में शुक्रवार देर शाम एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में शोक का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 37 वर्षीय शक्ति सिंह पिता लक्ष्मण सिंह निर्वाण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दिन में किसी निजी कार्य से बाहर गए थे और शाम को घर लौटे थे।घर पहुंचने के कुछ समय बाद ही उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे परिजन घबरा गए और तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।शनिवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।