नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा क्षेत्र के ग्राम भीमपुरा में 25 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गेंदमल मीणा, पिता हेमराज मीणा के रूप में हुई है। वह मीणा रावत समाज से था और कुछ समय से गुजरात में मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार वह हाल ही में गांव लौटा था। बुधवार को गांव के कुछ बच्चे खेत के पास स्थित महुआ (मोड़ी) के पेड़ के नीचे गिरे फल एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर करीब 15 फीट ऊंचे पेड़ पर लटके युवक पर पड़ी। बच्चे घबराकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही डायल-100 पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। एएसआई लक्ष्मण सिंह चौहान व आरक्षक दिनेश धनगर ने मौके का पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।