नीमच टुडे न्यूज़ | अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, नीमच में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जिसमें 1100 से अधिक छात्र-छात्राओं और गीता प्रेमियों ने श्रीमद् भगवद्गीता के 15वें अध्याय का सस्वर पाठ किया। कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, मीना जयसवाल और गीता महोत्सव के जिला प्रभारी विपिन पुरोहित विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती व गीता पूजन तथा शंखनाद के साथ हुआ। स्वस्तिवाचन, गुरु वंदना, प्रेरणा गीत और गीता महात्म्य का सस्वर गायन सांदीपनि विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती रितु शर्मा व विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। व्यास पीठ पर आचार्य दिग्विजय पालीवाल ने सामूहिक गीता पाठ का नेतृत्व किया।
राज्य स्तर से प्राप्त भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित 94 फोटोज़ की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसका कलेक्टर, अतिथियों और विद्यार्थियों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी एवं शिक्षक शामिल हुए। संचालन अरविंद शर्मा ने किया तथा आभार प्राचार्य श्री अनिल कुमार व्यास ने व्यक्त किया।