विश्व नेत्रदान दिवस पर निकली जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया नेत्रदान का संदेश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष अभियान की शुरुआत जिला चिकित्सालय मंदसौर परिसर से हुई। रैली में गोमाबाई नेत्रालय की टीम, मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सकगण तथा बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर गांधी चौराहा होते हुए पुनः अस्पताल परिसर में पहुंची। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने "नेत्रदान महादान" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

इसके बाद प्रस्तुत किए गए नुक्कड़ नाटक में नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और मृत्यु उपरांत नेत्रदान कर दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में उजाला लाने का संदेश दिया गया। विशेषज्ञों ने उपस्थित नागरिकों को नेत्रदान की प्रक्रिया, पात्रता और इसके महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर गोमाबाई नेत्रालय, नीमच द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित नागरिकों को शीतल पेय वितरित किया गया। आयोजन को समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सफल और प्रेरणादायक पहल माना गया।

Top