नीमच टुडे न्यूज़ | ग्राम पंचायत भाटखेड़ा के अंतर्गत हनुमंत्या व्यास में पेयजल संकट की शिकायत पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान कर दिया। ग्रामीणों ने 19 जून को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के समक्ष गांव में पेयजल व्यवस्था नहीं होने तथा शासकीय कुएं का पानी बेचे जाने की शिकायत की थी। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने गांव पहुंचकर निरीक्षण किया तो पाया गया कि शासकीय कुएं का पानी सड़क निर्माण कार्य में उपयोग किया जा रहा था।
संबंधित कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कुएं का पानी केवल पेयजल के लिए उपयोग किया जाए, अन्यथा वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया कि नलजल योजना का ट्रांसफार्मर जलने और मोटर पंप खराब होने से गांव में जलापूर्ति बाधित हुई थी। विद्युत विभाग और ग्राम पंचायत के समन्वय से नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर मोटर पंप की मरम्मत कराई गई, जिसके बाद गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई। समस्या के समाधान पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर का धन्यवाद किया। इधर, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश के 33.92 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 203.56 करोड़ रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। नीमच के एनआईसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में एडीएम बी.एस. कलेश, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रुति भयड़िया तथा जिले के हितग्राही मौजूद रहे।