44 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा कर 76 महिला नवारक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के नवारक्षी प्रशिक्षण केंद्र प्रथम, नीमच में गुरुवार को 76 महिला नवारक्षियों का शपथ ग्रहण एवं दीक्षांत परेड समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। 44 सप्ताह का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद महिला नवारक्षियों ने देश सेवा के लिए शपथ ली। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उप महानिरीक्षक एवं प्राचार्य आरटीसी नीमच  प्रमोद कुमार सिंह रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड का नेतृत्व निरीक्षक (जीडी) नीतेश कुमार ने किया। चार कंटीजेंटों की अनुशासित और आकर्षक परेड ने उपस्थित अधिकारियों, परिवारजनों और बच्चों का मन मोह लिया।

समारोह की शुरुआत में कमांडेंट  छोटन ठाकुर ने मुख्य अतिथि एवं सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला नवारक्षियों को मुख्य अतिथि ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रमोद कुमार सिंह ने सभी नवारक्षियों को बधाई देते हुए ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ राष्ट्र सेवा करने का संदेश दिया। इस अवसर पर प्रथम वाहिनी के कमांडेंट विजय कुमार, 4 सिग्नल बटालियन के कमांडेंट हरबिंदर सिंह, उप कमांडेंट पवन कुमार गौतम, सहायक कमांडेंट कुलदीप यादव, बिजेंद्र कुमार दास, राम गोपाल, सूबेदार मेजर सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी, परिवारजन और बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Top