नीमच टुडे न्यूज | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में बुधवार को स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेडिको-लीगल (एमएलसी) एवं पोस्टमार्टम प्रकरणों का ऑनलाइन इंद्राज सुनिश्चित करने तथा उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दोनों विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करने को कहा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद को पुलिस थानों से स्वास्थ्य संस्थाओं को भेजे गए प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों को अपराधों से संबंधित एमएलसी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट स्पष्ट, गुणवत्तापूर्ण और समय पर उपलब्ध कराने के लिए कहा। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कोई भी पुलिस अधिकारी ऑफलाइन पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त नहीं करेगा। यदि किसी चिकित्सक द्वारा ऑफलाइन रिपोर्ट दी जाती है तो इसकी सूचना मेडसाक्ष्य नोडल अधिकारी को दी जाए। साथ ही ऑफलाइन तैयार की गई एमएलसी को 24 घंटे के भीतर ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा। बैठक में एडीएम बी.एस. कलेश, सभी चिकित्सक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।