नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन एवं बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेक्टर सुपरवाइजर और सेक्टर मेडिकल ऑफिसर प्रत्येक गर्भवती महिला का पोर्टल पर पंजीयन कर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएं। बैठक में बताया गया कि जिले में 19 नए शासकीय चिकित्सकों की पदस्थापना हुई है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन चिकित्सकों को जिला अस्पताल में चरणबद्ध तरीके से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने एएनसी पंजीयन बढ़ाने, एनीमिक महिलाओं के उपचार पर विशेष ध्यान देने तथा 70 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले सेक्टर सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कमजोर प्रगति वाले सीएचओ और एएनएम की सात दिवस में नामवार रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।