मुख्य सचिव ने कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश | @NeemuchToday
नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच मुख्य सचिव अनुराग जैन ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी संभागायुक्तों, कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए SAFE CLICK 2.0 अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा 15 से 31 जुलाई तक "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान चलाकर सभी शैक्षणिक संस्थानों को ड्रग-फ्री जोन बनाने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग को नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण, भूमि अधिग्रहण कार्यों में तेजी तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को ANMOL 2.0 पोर्टल के माध्यम से हाई-रिस्क गर्भवतियों की निगरानी, गंभीर एनीमिया नियंत्रण, टीबी मुक्त अभियान और 14 जुलाई से 31 अगस्त तक दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन, वनाधिकार अधिनियम, शत-प्रतिशत स्कूल नामांकन, ड्रॉपआउट रोकने और APAAR आईडी बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, एडीएम बी.एस. कलेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Top