अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी सहित दो डंपर जब्त | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और दो डंपरों को जब्त किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को नयागांव, जावद और सिंगोली क्षेत्र में खनिज अधिकारी गजेंद्र सिंह डावर के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने की। खनिज निरीक्षक शिवानी साहू, प्रभारी खनिज निरीक्षक सुनील जाधव एवं टीम ने जांच के दौरान खनिज गिट्टी और मिट्टी का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए एक जेसीबी और दो डंपरों को मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत जब्त किया। जब्त वाहनों में गिट्टी से भरा डंपर RJ06GE7870 (सिंगोली), मिट्टी से भरा ट्राला RJ09GD0379 (जावद) तथा जेसीबी RJ32EA0876 (नयागांव) शामिल है। सभी जब्त वाहनों को आगामी आदेश तक सुरक्षा की दृष्टि से सिंगोली, जावद और नयागांव थाना पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।

Top