नीमच टुडे न्यूज | नीमच जिले में सड़क दुर्घटनाओं के शिकार प्रत्येक व्यक्ति को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत त्वरित उपचार एवं आर्थिक सहायता का लाभ दिलाया जाए। दुर्घटना पीड़ित के अस्पताल में भर्ती होते ही उसका ऑनलाइन प्रकरण तैयार कर योजना के अंतर्गत लाभांवित किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए। बैठक में एसपी राजेश व्यास, एडीएम बी.एस. कलेश, समिति सदस्य, विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुर्जर ने बताया कि जनवरी से जून 2026 तक परिवहन एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए ब्लैक फिल्म लगे 426 वाहनों पर कार्रवाई कर 2.13 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं ओवरस्पीड, ओवरलोड और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई कर 83 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। कलेक्टर ने यात्री वाहन चालकों के नेत्र परीक्षण, चरित्र सत्यापन तथा वाहन फिटनेस की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल एवं यात्री वाहनों में आपात द्वार, पैनिक बटन सहित सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर जोर दिया। बैठक में जीवन संजीवनी अभियान की समीक्षा कर आमजन से इससे जुड़ने का आह्वान भी किया गया।