ज्ञानोदय इंटरनेशनल में दीपावली समारोह का भव्य आयोजन विद्यार्थियों ने रंगोली और दिया सजावट में दिखाई रचनात्मकता |@NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | दीपावली के पावन अवसर पर ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल में रंगोली व दिया सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति रुचि व जुड़ाव को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया गया—रंगोली प्रतियोगिता और दिया सजावट प्रतियोगिता। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे रंगों से पारंपरिक एवं आधुनिक शैली की रंगोलियाँ बनाई, जिनमें भारतीय संस्कृति की झलक स्पष्ट दिखी। वहीं दिया सजावट प्रतियोगिता में छात्रों ने मिट्टी के दीयों को रंग, कांच, मोती व अन्य सजावटी वस्तुओं से आकर्षक रूप में सजाया।निर्णायकों ने रचनात्मकता, सौंदर्यबोध व विषय की प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। विजेताओं को विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा चौरसिया एवं प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। डॉ. चौरसिया ने विद्यार्थियों की कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की और इसे भारतीय परंपरा को सजीव रखने का प्रयास बताया।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित पर्व मनाने की अपील की। शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Top