नीमच टुडे न्यूज़ | मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय मजदूर संघ, जिला नीमच के द्वारा दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शनिवार को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय नीमच में आयोजित हुआ, जिसमें संघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सर्वप्रथम, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने जननायक जन्मदाता श्री दतोंपद ठेंगड़ी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर बिजली कर्मचारी महासंघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों को मोतियों की माला और शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संघ के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा किए। जिला अध्यक्ष नितिन साहु ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेशवासियों के लिए गर्व का है क्योंकि इसी दिन हमारा प्रदेश स्थापित हुआ। उन्होंने दीपावली मिलन समारोह को केवल सांस्कृतिक मिलन ही नहीं बल्कि समाज, धर्म और संस्कृति के भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का संचालन बिजली कर्मचारी महासंघ के कार्यकारिणी सदस्य राजमल व्यास ने किया, जबकि आभार भारतीय मजदूर संघ के जिला कार्यकारिणी सदस्य दिनेश शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ और महासंघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने समारोह को सफल बनाने में अहम योगदान दिया। दीपावली मिलन समारोह ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के साथ-साथ कार्यकर्ता और समाज के बीच भाईचारे और सहयोग का संदेश भी दिया।