नीमच टुडे न्यूज़ | मनासा तंबोली समाज नवयुवक मंडल जिला नीमच द्वारा 11 जनवरी 2026, रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी सभागृह, कोर्ट के सामने मनासा में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह, वार्षिक कैलेंडर विमोचन एवं सामाजिक मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं सेवाभावी प्रतिभाओं का सम्मान कर समाज को गौरवान्वित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रमेश लाखूलाल तंबोली (राष्ट्रीय अध्यक्ष, सकल तंबोली समाज, मुंबई), सरिता विजय चौरसिया (महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष, नागपुर), वीरेंद्र पटेल (राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष, इंदौर) एवं संतोष कुमरावत (प्रदेश अध्यक्ष, सूर्यवंशी कुमरावत तंबोली समाज, खंडवा) उपस्थित रहे। साथ ही शिव विनोद भानपिया, सीमा अजय तिवारी सहित जिले के अनेक समाज प्रमुख एवं गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ केशुबावजी एवं मां सरस्वती के पूजन से हुआ। अतिथियों का स्वागत नवयुवक मंडल द्वारा पुष्पमालाओं से किया गया। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष महेश मोनू मोदी ने दिया। इस अवसर पर वार्षिक कैलेंडर का विमोचन किया गया एवं प्रतिभाओं को मंच से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने समाज के एकीकरण व उत्थान पर बल दिया, वहीं महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष ने महिलाओं को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में प्रदेश स्तरीय आयोजन की घोषणा की। लगभग 2 हजार समाजजनों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। समापन पर सहभोज का आयोजन हुआ।