नीमच टुडे न्यूज़ | भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा का कार्यकर्ता सम्मेलन नीमच में संपन्न हुआ। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सर्वप्रथम भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात भाजपा कार्यालय तपोभूमि में आयोजित अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम के अंतर्गत अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन दर्शन पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार ने कहा कि भाजपा ही अनुसूचित जाति वर्ग की सच्ची हितैषी पार्टी है, जिसने बाबा साहब अंबेडकर को भारत रत्न दिलाया और उनके विचारों के अनुरूप राष्ट्र निर्माण का कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं, जिनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है। भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अटल जी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि गोयल ने संगठनात्मक गतिविधियों और SIR से संबंधित जानकारी दी। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।