नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, माताओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान नन्ही बालिकाओं और उनकी माताओं का तिलक लगाकर सम्मान किया गया। सभी ने अपनी मां के सम्मान में फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों ने बेटियों को बिना भेदभाव आगे बढ़ाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल कर उन्हें जीवित रखने की शपथ भी ली। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में इस अभियान के तहत कुल 501 पौधों का रोपण किया गया।