नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत ग्राम पंचायत भाटखेड़ी बुजुर्ग ने अनूठी पहल करते हुए वर्षों पुराने कचरा पॉइंट को हटाकर आकर्षक पिकनिक स्पॉट में बदल दिया है। पानी की टंकी और नाले के पास स्थित यह स्थान पहले गंदगी, दुर्गंध और मच्छर-मक्खियों का केंद्र बना हुआ था, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती थी। ग्राम पंचायत के सरपंच मनोज पुरोहित और सचिव गोपाल मेहता के प्रयासों से सफाई मित्रों एवं जेसीबी की मदद से पूरे क्षेत्र को साफ कराया गया। इसके बाद यहां बाउंड्रीवाल, लोहे की रेलिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने के लिए सीमेंट की कुर्सियां लगाई गईं। साथ ही कुईयां को सुरक्षित ढंककर उसके ऊपर महादेव की प्रतिमा स्थापित की गई तथा पीछे कैलाश पर्वत की आकर्षक पेंटिंग बनाई गई। विकसित स्थल का नाम ‘पिपलेश्वर महादेव’ रखा गया है। पंचायत द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू किए जाने से गांव पूरी तरह जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट) मुक्त हो गया है। मिनी ट्रैक्टर के माध्यम से प्रतिदिन सूखा और गीला कचरा एकत्र किया जाता है। गांव की स्वच्छता मुहिम में विश्वकर्माजी सोशल केयर एसोसिएशन ने भी सहयोग दिया। वर्तमान में यह स्थल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा का उदाहरण बन रहा है।