झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग स्थापना को मिलेगी रफ्तार, 2500 से अधिक लोगों को मिला रोजगार | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित साइट ऑफिस में एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने निवेशकों एवं भूखंडधारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उद्योग स्थापना से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए निवेशकों से परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का आह्वान किया गया, ताकि स्थानीय युवाओं को अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें। बैठक में बताया गया कि झंझारवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में कुल 194 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इनमें से 89 भूखंडों पर 45 औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं, जिनसे लगभग 2500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है। वहीं 21 इकाइयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि शेष भूखंडों पर उद्योग स्थापना की प्रक्रिया को गति देने के लिए निवेशकों से चर्चा की गई। राजेश राठौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और निवेशकों को भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूखंड लेने के बाद उद्योग स्थापना में अनावश्यक देरी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विजन के अनुसार छोटे और मध्यम जिलों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। बैठक में मौजूद निवेशकों ने उद्योग स्थापना के कार्यों में तेजी लाने और जिले के औद्योगिक विकास में सक्रिय योगदान देने का भरोसा दिलाया।

Top