नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक गर्भवती महिला के सुरक्षित प्रसव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मौजूद रहें। चंद्रा ने उच्च जोखिम वाली महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने, उनकी पहचान कर उचित आयरन सुक्रोज इंजेक्शन, एफसीएम इंजेक्शन और आवश्यक होने पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, गर्भावस्था के प्रथम त्रैमास में पंजीयन कराने और हाई-रिस्क महिलाओं का दो बार मासिक परीक्षण कराने के आदेश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटील, डीएचओ डॉ. बी.एल. सिसोदिया और जिला परियोजना अधिकारी अंकिता पंड्या उपस्थित रहे। कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेक्टरवार समीक्षा करते हुए कार्य में सुधार करने वाले अधिकारियों की सराहना की और कम प्रदर्शन करने वाले चिकित्सा कर्मियों को कार्य सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ से अपने व्यवहार में संयमित रहने और 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।