नीमच टुडे न्यूज़ | जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन में शुक्रवार को ग्राम अरनिया कुमार स्थित फर्म पंकज कुमार नीरज कुमार पर प्रशासनिक टीम ने औचक छापेमार कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान फर्म परिसर में अखाद्य सल्फर, हाइड्रा सहित अन्य हानिकारक केमिकल पाए गए, जिन्हें मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक बताया गया। जांच के बाद प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए फर्म को तत्काल सील कर दिया। कार्रवाई एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने स्पष्ट कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या अखाद्य केमिकल के भंडारण एवं विक्रय करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन ने आमजन से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।