नीमच टुडे न्यूज़ | जिले के जीरन नगर में रविवार को कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा के निर्देशानुसार जल गंगा संवर्धन अभियान एवं नगर परिषद जीरन के गौरव दिवस के उपलक्ष्य में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जीरन तालाब स्थित हाथी मंदिर घाट पर जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद अधिकारियों-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान तालाब परिसर से जलकुंभी, प्लास्टिक कचरा और अन्य गंदगी हटाकर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रामकरण सागवारिया, उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे तथा पार्षदगण भी उपस्थित रहे। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि जल संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और जल स्रोतों की सफाई को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने नागरिकों से तालाबों और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने तथा कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने की अपील की।