नीमच टुडे न्यूज़ | मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 54 किलो अवैध डोडाचूरा और एक इको कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार रतलाम रेंज डीआईजी निमिष अग्रवाल, एसपी राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भूरालाल भाबर के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नीम का खेड़ा रोड पर एक सफेद इको कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 54 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी नंदलाल उर्फ विक्रम (24) निवासी पतलोई, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ राजस्थान को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।