कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जावरा–नयागांव फोरलेन पर अवैध दुकानों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए, हेलमेट और सीट बेल्ट अनिवार्य बनाने का अभियान तेज | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने जावरा–नयागांव फोरलेन के शोल्डर पर अवैध रूप से लगे दुकानों और गुमटियों को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी शासकीय कर्मचारियों को सड़क पर हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने के निर्देश दिए। ये निर्देश कलेक्टर ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए, जिसमें एस.पी. अंकित जायसवाल, एडीएम बी.एस. कलेश, यातायात थाना प्रभारी  सोनी बडगुर्जर, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अमित नार्गेश, एम.पी.आर.डी.सी. सहायक प्रबंधक राहुल बरडे, ग्रामीण सड़क प्रबंधक गजेन्द्र लारिया और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने पुलिस नाके लगाकर हेलमेट, सीट बेल्ट और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल के उपयोग पर रोजाना चेकिंग और चालानी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एम.पी.आर.डी.सी. को सगराना घाटी से नयागांव के बीच मीडियन प्लांटेशन और मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर व रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, नगर पालिका को अवैध गुमटियों पर कार्रवाई और मुख्य मार्गों पर उचित मार्किंग करने तथा तीनों एसडीएम एवं मंडी सचिव को ट्रैक्टरों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लाइट लगाने के लिए निर्देशित किया गया।

Top