नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नीमच शहर के प्रमुख नालों का निरीक्षण किया और नगर पालिका को नालों के सुव्यवस्थित सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और पिचिंग के लिए व्यवस्थित प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कीम नंबर 9, प्राइवेट बस स्टैंड और सावलिया मंदिर के पीछे बह रहे नाले का दौरा किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने न.पा.सी.एम.ओ. दुर्गा बामनिया को निर्देश दिए कि जे.सी.बी. व अन्य मशीनों के माध्यम से नाले की सफाई करवाकर गंदगी व कचरा हटाया जाए और ट्रेचिंग ग्राउंड में डंप किया जाए।
उन्होंने कहा कि पेयजल और सीवरेज लाइन को नाले से पृथक किया जाए तथा गंदे पानी की निकासी की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने दोनों ओर नाले की पिचिंग कराने और इसके लिए आवश्यक उपकरण, मशीनों और संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम संजीव साहू, नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नालों का सौंदर्यीकरण और सफाई कार्य न केवल शहर की स्वच्छता और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे नगरवासियों की जीवन गुणवत्ता में भी सुधार होगा।