पंख अभियान: बाछड़ा समुदाय के युवक-युवतियों को रोजगार, बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी लाभ | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच पंख अभियान के तहत बाछड़ा समुदाय के युवक-युवतियों को रोजगार एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने की दिशा में प्रशासन द्वारा ठोस पहल की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष, नीमच में पंख अभियान के अंतर्गत नियुक्त स्वयंसेवकों की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसे कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने संबोधित किया। कलेक्टर ने कहा कि जिले के बाछड़ा समुदाय के 10-10 युवक एवं युवतियों को प्रेरित कर स्थानीय उद्योगों के समन्वय एवं सहयोग से रोजगार दिलाया जाएगा। इसके लिए पंख अभियान के स्वयंसेवक पात्र एवं इच्छुक युवक-युवतियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें स्थानीय उद्योगों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकें। उन्होंने बताया कि जिले में पशुपालकों के लिए केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) बनाने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वयंसेवक बाछड़ा समुदाय के पशुपालकों की सूची तैयार करें, जिससे कोई भी पात्र पशुपालक केसीसी के लाभ से वंचित न रहे। कार्यशाला में कलेक्टर ने पंख अभियान के तहत विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों से संवाद कर उनके स्वरोजगार, आय एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने समुदाय के अन्य पात्र युवक-युवतियों को भी शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ  अमन वैष्णव, जिला कार्यक्रम अधिकारी  अंकिता पंड्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाछड़ा समुदाय की शतप्रतिशत बालिकाओं को इस माह के अंत तक लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

Top