नीमच में संकल्प से समाधान शिविर: कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं का किया तुरंत निवारण, पशुपालन व स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संकल्प से समाधान अभियान के तहत मनासा विकासखंड के ग्राम चचोर में बुधवार को क्लस्टर स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में जिला पंचायत सीईओ  अमन वैष्णव, एसडीएम  किरण आंजना, जिला अधिकारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे। शिविर में कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में समाधान के निर्देश दिए। ग्राम बनड़ा एवं चचोर के रस्ते विवाद को तत्काल सुलझाने, शिक्षकों के संलग्निकरण और ड्रोन सर्वे में छूटे मकानों के पट्टाधिकार से संबंधित शिकायतों को निपटाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

कलेक्टर ने गरीबों के लिए राशन दुकान संचालन सुनिश्चित करने और बीपीएल हितग्राहियों का पुनः सर्वेक्षण कराने के आदेश भी दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों से पशुपालन केसीसी बनवाने, उन्नत नस्ल का पालन करने और बियाजमुक्त ऋण लेने का आवाहन किया। उन्होंने पशुपालकों को एफ.एम.डी. टीकाकरण करवाने की भी सलाह दी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. उमेश बसेर के नेतृत्व में स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें दोपहर तक 66 लोगों का परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग को गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, टीकाकरण और टेकहोम राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। शिविर में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी दी, जिससे ग्रामीणों को सीधे लाभ सुनिश्चित हो सके।

Top