नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नगर निकायों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित थे। कलेक्टर ने अगले एक माह में दिसंबर 2025 तक के सभी नामांतरण आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत 2.0 परियोजना के निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण कराने, अवैध कॉलोनियों का सर्वे करने और कॉलोनाईजरों से विकास शुल्क वसूलने के निर्देश दिए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत सभी नगर परिषदों को प्रकरण 10 फरवरी तक बैंकों में भेजने और 28 फरवरी तक स्वीकृति सुनिश्चित करने कहा गया। बैठक में कर वसूली अभियान तेज करने, जल आपूर्ति स्त्रोतों की सफाई करने, जल शिकायतों का त्वरित निराकरण करने और स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च रैंक प्राप्त करने के लिए सार्वजनिक स्थलों व गलियों में रात्रीकालीन सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।