कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने पीएमएफएमई योजना और मत्स्य पालन के लिए जिले में दिए अहम निर्देश | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य एवं उद्योग उन्नयन (पीएमएफएमई) योजना के तहत कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने जिले की सभी पंचायतों में किसानों और ग्रामीणों को प्रेरित कर कम से कम एक-एक उद्योग स्थापित करवाने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य विभाग को इस माह मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु मत्स्य पालकों का एफ.पी.ओ. गठित कर उन्हें मत्स्य व्यवसाय से जोड़ने का निर्देश भी उन्होंने बैठक में दिया। गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ए.पी.सी.समूह, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन और सहकारिता विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के जिला पंचायत सीईओ  अमन वैश्णव और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने सहकारिता विभाग एवं जिला केंद्रीय बैंक को डिफाल्टर किसानों को प्रेरित कर बकाया राशि जमा कर मुख्‍यधारा में लाने का अभियान चलाने के लिए कहा, ताकि उन्हें केसीसी, कृषि ऋण, खाद, बीज, पशुपालन और अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके। उद्यानिकी विभाग को फूलों की खेती बढ़ाने और धार्मिक स्थलों के कलस्टरों में 70 हेक्टेयर क्षेत्र में फूलों की खेती के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। दुग्ध उत्पादन समीक्षा में जिले में इस माह 17,200 लीटर दुग्ध संकलन हुआ, जिसे अगले माह 18,000 लीटर से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया।

Top