नीमच में राशन वितरण रुका, पीडीएस की दुकानों पर राशन नहीं,लाखों परिवार परेशान | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) पूरी तरह चरमराई हुई है। पिछले सात दिनों से सर्वर डाउन होने के कारण जिले की 313 शासकीय उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण बंद पड़ा है। पीओएस मशीनें काम नहीं कर रही हैं, जिससे करीब 1 लाख 48 हजार परिवारों को फरवरी माह का राशन नहीं मिल सका है। फरवरी महीने के आधे से अधिक दिन बीत जाने के बावजूद अब तक केवल 15 प्रतिशत ही राशन का वितरण हो पाया है। तकनीकी खराबी के चलते कई दुकानों पर ताले लटके हुए हैं, जबकि जहां दुकानें खुल भी रही हैं वहां मशीनें नेटवर्क से कनेक्ट नहीं हो पा रही हैं। ऐसे में हितग्राही घंटों इंतजार करने के बाद खाली हाथ घर लौटने को मजबूर हैं। समस्या का असर जिले के ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में देखा जा रहा है। कई गांवों में लोग रोज दुकान पर पहुंच रहे हैं, लेकिन मशीन चालू न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है।

दैनिक मजदूरी करने वाले परिवारों के लिए यह स्थिति और भी चिंताजनक है, क्योंकि उनका जीवनयापन काफी हद तक पीडीएस से मिलने वाले सस्ते राशन पर निर्भर है उचित मूल्य दुकान संचालकों का कहना है कि सर्वर डाउन होने से वे असहाय स्थिति में हैं। पीओएस मशीन के बिना वितरण संभव नहीं है और ऑफलाइन व्यवस्था की कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं मिली है। कई संचालकों ने बताया कि लगातार हितग्राहियों के सवालों और नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है  जिला खाद्य अधिकारी आरएन दिवाकर ने बताया कि तकनीकी समस्या केवल नीमच तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में सर्वर संबंधी दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या को दूर करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि व्यवस्था कब तक सामान्य हो पाएगी। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक सर्वर समस्या ठीक नहीं होती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था कर ऑफलाइन राशन वितरण शुरू किया जाए, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि महंगाई के दौर में सात दिन तक राशन न मिलना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गया है। अब देखना यह होगा कि तकनीकी खामी कब तक दूर होती है और प्रशासन आमजन को राहत देने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Top