नीमच टुडे न्यूज़ । नीमच की पॉश शिक्षक कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े एक हाईकोर्ट एडवोकेट के घर चोरी की घटना ने सनसनी फैलाकर पूरे मोहल्ले को हिला दिया। मकान नंबर 31 में हाईकोर्ट एडवोकेट सुरेंद्र पटवा के घर चोर पीछे के दरवाजे से घुस गए और प्लाई तोड़कर अंदर दाखिल हुए। बताया गया है कि इस दौरान पटवा घर के अपने ऑफिस में काम कर रहे थे। कमरे में खटपट की आवाज सुनकर उन्होंने चोरों की मौजूदगी का पता लगाया। इसी दौरान चोर एक कमरे में घुसकर दरवाजा बंद कर बैठे।

स्थिति आमना-सामना और हाथापाई तक पहुंच सकती थी, लेकिन पटवा ने साहस दिखाते हुए चोरों को कमरे में बंद कर दिया। जैसे ही वे पड़ोसियों को बुलाने बाहर निकले, चोर दरवाजा लात मारकर तोड़कर फरार हो गए। घर के अंदर का दृश्य अत्यंत अस्त-व्यस्त पाया गया, कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की पूरी जानकारी पटवा की पत्नी के आने के बाद ही सामने आ सकेगी। थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी में दो संदिग्ध आरोपी कैद हुए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह घर चौथी बार चोरों के निशाने पर आया है। पिछले दो–ढाई महीने में ही तीन चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई थी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और पड़ोसियों से भी मदद मांगी है।