नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष, नीमच में आयोजित जनसुनवाई में 88 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के दौरान ग्राम जावी निवासी गणपत पिता कन्हैयालाल ने आटा चक्की स्थापित किए तीन माह बीत जाने के बावजूद विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री को निर्देश दिए कि आवेदक को नियमानुसार तत्काल विद्युत कनेक्शन प्रदान किया जाए। इसी तरह ग्राम खेरमालिया निवासी ऊंकारलाल मेघवाल ने खसरा नंबर 1301 की भूमि पर जबरन कब्जा हटवाकर मौके पर कब्जा दिलाने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम नीमच और तहसीलदार को उसी दिन राजस्व टीम भेजकर आवेदक को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में रावतखेड़ा, गुजरखेड़ी, ग्वालटोली, मुंदड़ा, बघाना, नीमच सिटी, टी.आई.टी. कॉलोनी, सुवाखेड़ा, धामनिया, हरवार, मनासा सहित विभिन्न ग्रामों और वार्डों से आए आवेदकों ने भूमि, बिजली, राजस्व, पेंशन एवं अन्य जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी मामलों में गंभीरता से सुनवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।