नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में बाछड़ा समुदाय के युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में संचालित ‘पंख अभियान’ के तहत पात्र युवाओं को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत मनासा विकासखंड के ग्राम तलाउ निवासी नीरज पिता कमल कर्मावत को मध्यप्रदेश शासन की संत रविदास स्वरोजगार योजना का लाभ मिला है। नीरज को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, कुकड़ेश्वर शाखा के माध्यम से 3 लाख 75 हजार रुपये का ऋण प्रदान किया गया। इस आर्थिक सहायता से नीरज ने सेंट्रिंग (मकान निर्माण में ढलाई कार्य हेतु सांचा तैयार करना) का व्यवसाय शुरू किया। पहले रोजगार के सीमित अवसरों के कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन योजना से मिली मदद ने उनकी स्थिति बदल दी। अब नीरज नियमित रूप से सेंट्रिंग का कार्य कर प्रतिमाह लगभग 15 से 20 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। इस आय से वे अपने परिवार का भरण-पोषण सुचारू रूप से कर पा रहे हैं और आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हैं। नीरज ने बताया कि शासन की इस योजना ने उन्हें नया आत्मविश्वास दिया है और अब वे भविष्य में अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं। नीरज ने इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। ‘पंख अभियान’ के माध्यम से जिले के अन्य युवाओं को भी स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे वे स्वयं का रोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।