रात के सन्नाटे में विस्फोट, कपासन रीको एरिया में भयानक हादसा, बॉयलर ब्लास्ट से मचा कोहराम | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में कपासन स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। मरून इंडस्ट्रीज की केमिकल फैक्ट्री में रात करीब 11 बजे बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना भीषण था कि भारी लोहे के टुकड़े 300 से 500 मीटर दूर तक जा गिरे और पंचायत समिति परिसर व एसडीएम कार्यालय की इमारतों को नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जो पास की स्क्रैप फैक्ट्री तक फैल गई। दमकल की कई गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रशासन के अनुसार इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से केमिकल में आग लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Top