नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार चल रहे संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत जिले में निरंतर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में इसी क्रम में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंगोली में नि:शुल्क नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद के मार्गदर्शन में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराधा द्विवेदी, नेत्र चिकित्सा सहायक प्रकाश सिंधवानी तथा डीसीएम, बीसीएम के सहयोग से नेत्र रोगियों की जांच की गई। इस दौरान आशा, आशा सुपरवाइजर एवं अर्बन आशा कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा। शिविर में कुल 132 नेत्र रोगियों ने जांच एवं उपचार का लाभ लिया। इनमें 21 मरीज मोतियाबिंद, 7 टेरिजियम, 36 चश्मे हेतु, 35 आंखों की एलर्जी, 8 आंखों के संक्रमण तथा 25 अन्य नेत्र रोगों से संबंधित पाए गए। सभी चिन्हित मरीजों को आवश्यकतानुसार नि:शुल्क औषधियां वितरित की गईं तथा आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया गया।