नीमच टुडे न्यूज़ | इंदौर के मल्हारगंज इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति को गांजा और स्मैक बेचने के आरोप में पुलिस से गिरफ्तार करा दिया। महिला ने पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को फोन कर आरोप लगाया कि उसका पति बुद्ध किरण कॉलेज और हॉस्टल के छात्र-छात्राओं को नशे का सामान सप्लाई करता है। महिला ने नशीले पदार्थों से जुड़ा वीडियो भी पुलिस कमिश्नर को भेजा, जिसमें गांजा, स्मैक की पुड़िया और तौल मशीन दिखाई दे रही थी। वीडियो के आधार पर कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस ने सोमवार रात महालक्ष्मी नगर स्थित एक पान दुकान पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस आरोपी को उसके घर ले गई, जहां से गांजा जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सनावद के पास और छोटी ग्वालटोली क्षेत्र से नशा खरीदता था। महिला ने बताया कि वह पेशे से अकाउंटेंट है और उसकी दो बेटियां हैं। पति के नशे के धंधे का सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा था। विरोध करने पर पति और ससुराल पक्ष द्वारा डराने-धमकाने और मारपीट करने का आरोप भी महिला ने लगाया है। 4 फरवरी को हुई मारपीट में महिला के सिर में गंभीर चोट आई थी | पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाती है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।