महिला स्वयं सहायता समूह ने 6 सूत्री मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच महिला स्वयं सहायता समूह महासंघ “सांझा चूल्हा रसोइया” ने 6 सूत्री मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष माया मनोहर बैरागी के नेतृत्व में महिला रसोइया और स्वयं सहायता समूह की सदस्यें उपस्थित रही। ज्ञापन में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नाम संबोधित होकर प्रधानमंत्री पूरक पोषण निर्माण योजना के तहत स्कूलों और आंगनवाड़ियों में कार्यरत 2 लाख 12 हजार महिला रसोइयों एवं 96 हजार स्वयं सहायता समूह संचालकों की मांगों को रखा गया। महिला रसोइयों की मुख्य मांगों में उनके मानदेय को कलेक्टर रेट पर 12 माह तक सुनिश्चित करना, सुरक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक का निःशुल्क बीमा कवरेज, अप्रिय घटना होने पर तुरंत आर्थिक सहायता, महंगाई को देखते हुए प्रति छात्र भोजन लागत में वृद्धि और खाद्यान्न की मात्रा बढ़ाना शामिल हैं। इसके अलावा, विद्यालयों में अनुबंध नवीनीकरण की बाध्यता समाप्त करने, मेनू अनुसार कार्य करने वाले समूहों का नवीनीकरण प्रधानाध्यापक के प्रमाणीकरण से करने, तथा मेकनाइज्ड और मॉड्यूल किचन सेट जैसी योजनाओं में ठेका प्रथा पर रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपते समय महिलाओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से प्रस्तुत किया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष माया पाटीदार, सचिव आशा शर्मा, मैना ओझा, प्रीमिला चौहान, रतनदेवी माली, शांतीबाई बैरागी सहित कई अन्य महिला रसोइया मौजूद रहीं।

Top