नीमच: भारत–अमेरिका ट्रेड डील से किसानों की चिंता, सोयाबीन के दाम 600 रुपए तक लुढ़के – युवा कांग्रेस ने जताई आपत्ति | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर नीमच में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिले के किसानों के हितों को लेकर युवा कांग्रेस ने चिंता व्यक्त की है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहनसिंह “मन्नू बना” ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यदि भारत–अमेरिका ट्रेड डील के तहत कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती या छूट दी जाती है, तो इसका सीधा और नकारात्मक असर नीमच जिले की कृषि अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि नीमच पूरी तरह कृषि पर आधारित जिला है, जहां लहसुन, सोयाबीन, गेहूं और अफीम जैसी नकदी फसलों की खेती होती है। यदि अमेरिका से सस्ती सोयाबीन या दालें भारत में प्रवेश करती हैं, तो मंडियों में भाव गिरने का खतरा है। इससे छोटे और मध्यम वर्ग के किसान प्रभावित होंगे, जो पहले से ही बढ़ती लागत और कर्ज से जूझ रहे हैं। मन्नू बना ने कहा कि खाद, बीज, कीटनाशक और डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण किसानों की स्थिति पहले से कठिन है, ऐसे में आयातित सस्ती उपज उनकी आय पर प्रतिकूल असर डालेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने से पहले राज्यों की सरकारों, किसान संगठनों और विशेषज्ञों से चर्चा की जाए। मन्नू बना ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी हुई, तो युवा कांग्रेस जिला स्तर पर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में सोयाबीन के दाम 600 रुपए प्रति क्विंटल तक गिर चुके हैं, जो किसानों में चिंता पैदा कर रहे हैं।

Top