नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन के लिए नीमच में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 23 फरवरी 2026 को जिला पंचायत सभागार में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैश्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, सभी एसडीएम, तहसीलदार और सीएमओ उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में नगरपालिकाओं और नगरपरिषदों के मुख्य अधिकारियों, जनगणना लिपिकों, सुपरवाइजर और चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया। नोडल अधिकारी अभिषेक सिंह ठाकुर एवं संदीप सिंह ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण कार्य 01 से 30 मई 2026 तक संपन्न किया जाएगा। प्रत्येक भवन का सर्वेक्षण सुपरवाइजर के निर्देशन में प्रगणक करेंगे। इस बार जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। डेटा संग्रह मोबाइल ऐप और Census Management and Monitoring System (CMMS) पोर्टल के माध्यम से होगा। इसके अलावा नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए Self Enumeration Web Portal विकसित किया गया है, जिससे निवासी स्वयं ऑनलाइन अपना डेटा भर सकेंगे। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया और कहा, “जनगणना जनकल्याण का आधार है।” उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य संपन्न करने के निर्देश दिए।