नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले में पशुओं के लिए चारा, भूसा और पशु आहार की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर डॉ. हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर जिले से बाहर पशु चारे के निर्यात पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी क्रम में एसडीएम प्रीति संघवी के निर्देशन में जावद तहसीलदार नवीन गर्ग ने कार्रवाई करते हुए मैलानखेड़ा क्षेत्र से राजस्थान के बडोली घाटा की ओर पशु चारा ले जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली को जप्त किया। जांच में पाया गया कि बिना अनुमति पशु चारे का परिवहन कर जिले के बाहर भेजा जा रहा था। प्रशासन ने अवैध रूप से पशु चारे के निर्यात को लेकर संबंधित वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। तहसीलदार नवीन गर्ग ने बताया कि जप्त की गई ट्रैक्टर ट्रॉली को नयागांव टोल नाके से पकड़कर पुलिस चौकी नयागांव की अभिरक्षा में रखा गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।