नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच ईद-उल-फितर के मद्देनजर जिले में शांति एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने 19 मार्च 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के साथ कस्बा रामपुरा के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी जायसवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मुस्लिम कमेटी के साथ बैठकें आयोजित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने तथा ड्यूटी से पहले पुलिस बल की ब्रिफिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के नेतृत्व में नीमच शहर के थाना नीमच केंट, नीमच सिटी एवं बघाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। वहीं मनासा एसडीओपी निकिता सिंह के नेतृत्व में मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा तथा जावद एसडीओपी रोहित राठौर के नेतृत्व में जावद और सरवानिया महाराज क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा पुलिस द्वारा मुस्लिम कमेटी के सदस्यों के साथ बैठकें कर ईद को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संदेश दिया गया तथा ईदगाहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।