नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल को भाजपा ने “राजनीतिक मुखौटा” बनाकर पेश किया है, जबकि असली मकसद परिसीमन के जरिए चुनावी लाभ लेना है। बाहेती ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को आरक्षण देने का काम दशकों पहले कर चुकी है और पंचायत स्तर पर 33 प्रतिशत आरक्षण लागू कराया गया था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने जानबूझकर इस मुद्दे को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर उलझा दिया, जिससे महिलाओं को वास्तविक लाभ मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार की मंशा साफ होती तो वर्तमान लोकसभा सीटों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया जा सकता था। कांग्रेस ने हमेशा महिला सशक्तिकरण का समर्थन किया है, जबकि भाजपा इस मुद्दे का राजनीतिक उपयोग कर रही है। बाहेती ने मांग की कि महिलाओं को बिना किसी देरी के उनका अधिकार दिया जाए और आरक्षण को जल्द लागू किया जाए।