हर घर नल से जल योजना: कलेक्टर ने प्रशिक्षण व मॉनिटरिंग के दिए निर्देश, निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच, 18 अप्रैल 2026। कलेक्टर  हिमांशु चंद्रा ने जिले में चल रही हर घर नल से जल योजना के प्रभावी और सफल संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना के तहत सभी सरपंचों, सचिवों, पंप ऑपरेटरों और वाल्वमैनों का क्लस्टर स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाए, ताकि जल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि पेयजल टंकियों में जल भराव और वितरण की रीयल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जल निगम और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सड़क किनारे पाइपलाइन कार्यों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही नीमच-झालावाड़ और नीमच-सिंगोली सड़क परियोजनाओं की डीपीआर और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी बसाहट में जल सुविधा से कोई भी घर वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी कार्य समय सीमा व गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।

Top