ग्वाला समाज का सामूहिक विवाह सम्मेलन सम्पन्न, 26 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच के ग्वालटोली स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में श्री चन्द्रवंशी ग्वाला-गवली समाज का 8वां सामूहिक विवाह सम्मेलन अक्षय तृतीया के अबूझ मुहूर्त में धूमधाम से सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में कुल 26 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश और राजस्थान की 52 छावनियों से हजारों समाजजन शामिल हुए। सुबह निकली भव्य बिन्दौली में ठाकुरजी, तुलसी माता और दूल्हा-दुल्हनों की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।

घोड़ा-बग्गी, ढोल-नगाड़े और डीजे की धुन पर समाजजन नाचते-गाते नजर आए। दो दिवसीय आयोजन में पहले दिन गंग भोज हुआ, जबकि दूसरे दिन विवाह की सभी रस्में जैसे टीका, बारात स्वागत और फेरे विधि-विधान से संपन्न कराए गए। वर-वधुओं को उपहार स्वरूप कपड़े, गहने और घरेलू सामान भी भेंट किए गए। कार्यक्रम में विधायक दिलीपसिंह परिहार, कांग्रेस-भाजपा के कई नेता और समाज के वरिष्ठ जन उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन मुरारी चौधरी व रवि दीवान ने किया।

Top