नीमच टुडे न्यूज़ | चीताखेड़ा जीरन तहसील के नीमच–चीताखेड़ा और रंभावली–चीताखेड़ा मार्ग पर इन दिनों ओवरलोड भूसा वाहनों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। भूसे से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप और छोटे मालवाहक वाहन क्षमता से अधिक भार लेकर बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में पड़ गई है। इन वाहनों में चारों ओर भूसे के बड़े-बड़े गट्ठर लटकाए जाते हैं, जिससे वाहन असंतुलित हो जाते हैं और हादसे की आशंका बढ़ जाती है। खराब और जर्जर सड़क की स्थिति इस खतरे को और गंभीर बना रही है। दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद जोखिम भरा बन गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई के बजाय अनदेखी कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई कर नियमित जांच अभियान चलाया जाए, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।