नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच लोक भवन, भोपाल में मंगलवार को आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में नीमच जिले के कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को सैनिक कल्याण हेतु राशि संग्रहण में उत्कृष्ट कार्य के लिए महामहिम राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सशस्त्र सेना ध्वज दिवस कोष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कोष देश के वीर सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने नीमच जिले द्वारा इस दिशा में किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अन्य जिलों के लिए प्रेरणादायक है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर चंद्रा के मार्गदर्शन में नीमच जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक राशि का संग्रहण कर प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि से जिले ने राज्य स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश सैनिक कल्याण संचालनालय एवं लोक भवन भोपाल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के इस योगदान की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा और राष्ट्रहित की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।