नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच जिले के रतनगढ़ में स्वच्छता और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक अनोखी पहल देखने को मिली। तारापुर के प्रसिद्ध जादूगर ढोंढुराम ने अपने जादू और मोनो एक्टिंग के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर स्वच्छ भारत मिशन का संदेश सरल और रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने जादू के जरिए स्वच्छता की आदतों और जल संरक्षण का महत्व समझाया, जिसे बच्चों ने उत्साहपूर्वक सीखा। इसके बाद नगर परिषद कार्यालय, सब्जी मंडी, बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी उन्होंने लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई गुर्जर, सीएमओ खेमचंद मुसले और अन्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस रचनात्मक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।