नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में उपार्जन केंद्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव और सभी एसडीएम मौजूद रहे। बैठक में समर्थन मूल्य खरीदी, गेहूं उपार्जन, परिवहन व्यवस्था और किसानों के भुगतान की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर शेष गेहूं का परिवहन तत्काल प्रभाव से किया जाए और यह कार्य 6 मई 2026 तक हर हाल में पूरा हो। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार छोटे वाहन और ट्रकों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि परिवहन में देरी न हो। साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों पर हम्मालों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए, जिसके लिए मंडी से अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था करने को कहा गया। कलेक्टर ने यह भी आदेश दिए कि हर केंद्र पर कम से कम 6 तौल कांटे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं ताकि खरीदी कार्य सुचारू रूप से हो सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर चंद्रा ने स्पष्ट कहा कि किसानों को भुगतान और उपज परिवहन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।