नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच/इंदौर मध्यप्रदेश में विकास को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2360 करोड़ रुपये की लागत वाले इंदौर-पीथमपुर इकोनॉमिक कॉरिडोर के प्रथम चरण का भूमिपूजन नैनोद गांव में किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत किसानों को उनकी भूमि के बदले 4 गुना मुआवजा देने के साथ 60 प्रतिशत विकसित भूखंड लौटाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है, जिससे कई किसान करोड़पति बन गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के विजन के तहत प्रदेश में उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिल रहा है। लगभग 20.28 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से एग्री प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और इंजीनियरिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में किसानों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए भूमि अधिग्रहण के सहमति पत्र भी सौंपे। सरकार द्वारा किसानों को विकास में भागीदार बनाने की इस पहल को ऐतिहासिक बताया जा रहा है। यह कॉरिडोर दिल्ली-मुंबई मार्ग से जुड़कर प्रदेश को औद्योगिक हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।