नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दामों में करीब 993 रुपए की बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर को माला पहनाकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। सुबह 8 से 10 बजे तक चले जनसंवाद अभियान में कांग्रेस नेताओं ने होटल संचालकों, ठेला व्यापारियों और छोटे दुकानदारों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने बताया कि गैस की बढ़ती कीमतों से कारोबार चलाना मुश्किल हो गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि महंगाई से आमजन और छोटे व्यापारी परेशान हैं। कांग्रेस लगातार जनता के बीच जाकर उनकी आवाज उठाएगी। उन्होंने बताया कि जनसंवाद अभियान आगे भी जारी रहेगा और 9 मई को नीमच सिटी तथा 11 मई को बघाना क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।