किसानों के हक के लिए कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, शाजापुर चक्काजाम में नीमच की मजबूत मौजूदगी | @NeemuchToday

नीमच टुडे न्यूज़ | नीमच किसानों की समस्याओं और सरकार की कथित वादाखिलाफी के खिलाफ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में किए गए चक्काजाम आंदोलन के तहत शाजापुर में बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब चार घंटे तक चले धरने में नीमच जिला कांग्रेस ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने किसानों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहा है और सरकार गेहूं खरीदी से पीछे हट रही है। उन्होंने भावांतर राशि और बोनस भुगतान का मुद्दा भी उठाया। प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। आंदोलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और नीमच जिले के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर किसान हितों की लड़ाई को समर्थन दिया।

Top